डॉक्टर से ऑनलाइन परामर्श : बेहतर परिणाम के लिए युक्तियां
कोविड महामारी ने रोगियों और उनके परिवारों को डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श के विकल्प को प्रचलन में ला दिया है।विभिन्न ऐप और डॉक्टरों की वेबसाइट वीडियो कॉल के माध्यम से चिकित्सा सलाह लेने के लिए एक सुविधाजनक और सुरक्षित विकल्प प्रदान करते हैं। आप केवल इन ऐप से ही नहीं, व्हाट्सऐप, जूम और अन्य विकल्प जैसे वीडियो कॉलिंग के माध्यम से भी चिकित्सकीय सलाह ले सकते हैं।
ऑनलाइन परामर्श के दौरान आपको डॉक्टर से मिले समय और अवसर का पूर्ण उपयोग करना चाहिए। आमतौर पर, आपको लगभग 15 मिनट मिलते हैं। इस समय का अधिकतम लाभ उठाने के लिए, कुछ डेटा,रिपोर्ट्स व जानकारी को संभाल कर रखना महत्वपूर्ण है।
सही निदान व उपचार प्राप्त करने के लिए, यहां कुछ सरल युक्तियां दी गई हैं जो आपके काम आएंगी –
1.सभी लक्षणों, एलर्जी और अन्य चिकित्सकीय स्थितियों (Symptoms, allergies and other medical conditions) को एक कागज पर लिखकर रख लें।
ऑनलाइन परामर्श शुरू करने से पहले,अपने बारे में एक संक्षिप्त चिकित्सा इतिहास लिखें और इसे संभाल कर रखें।
वर्तमान में ली जा रही दवाओं की एक सूची रखें और अपनी वास्तविक जीवनशैली और खाने-पीने की आदतों के बारे में भी संक्षेप में बताएं।
2 .ऑनलाइन परामर्श से पहले बुनियादी स्वास्थ्य विवरण जैसे वजन, बीपी, पल्स रेट रिकॉर्ड करें।
यदि आप नवीनतम स्वास्थ्य डेटा प्रदान करने में सक्षम हैं तो डॉक्टर आपका उपयुक्त इलाज करने में सक्षम होंगे। अपने वजन, ऊंचाई, बॉडी मास इंडेक्स, शरीर के तापमान, नाड़ी की दर, रक्त शर्करा के स्तर, रक्तचाप की रीडिंग और हृदय गति का रिकॉर्ड रखें।
3. आप परामर्श से पहले बुनियादी रक्त जांच और अन्य परीक्षण करवा लें।
यदि आप किसी विशेष बीमारी के लिए परामर्श ले रहे हैं तो परामर्श से पहले आप एक बुनियादी चिकित्सा परीक्षण ( basic medical test ) करवा लें। अन्य स्वास्थ्य परीक्षण रिपोर्टों के साथ एक संपूर्ण रक्त परीक्षण डॉक्टर को आपको उचित सलाह देने के लिए मूल्यवान ‘इनपुट’ देगा। सामान्यतःपहले परामर्श के दौरान, डॉक्टर कुछ सामान्य रक्त और अन्य स्वास्थ्य परीक्षणों की सलाह देते हैं। इसे पहले से करवा लेने से निदान (diagnosis) व उपचार (treatment) में तेजी आ सकती है।
4.परामर्श से पहले रिपोर्टों या किसी भी पिछले नुस्खे (prescriptions) को ऐप पर अपलोड करें।
डॉक्टर से ‘अपॉइंटमेंट’ से पहले सभी आवश्यक रिपोर्ट और नुस्खे ऐप पर अपलोड करें। इससे आप किसी भी अंतिम मिनट की परेशानी से बच जाएंगे और डॉक्टर को उचित निदान व उपचार में भी मदद मिलेगी। आप चाहें तो अपने संक्षिप्त चिकित्सा इतिहास, लक्षण, जीवनशैली और खान-पान की आदतों की एक प्रति भी अपलोड कर सकते हैं।
सभी ‘डॉक्टर परामर्श ऐप’ में उपयोगकर्ताओं को ‘अपॉइंटमेंट’ से पहले रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा होती है। यदि आप व्हाट्सएप या किसी अन्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ऐप पर परामर्श ले रहे हैं, तो आप इन दस्तावेजों को डॉक्टर के साथ ईमेल या व्हाट्सएप के माध्यम से अग्रिम रूप से साझा (शेयर) करने का विकल्प चुन सकते हैं।
5.अपना फोन पास में रखें ताकि आप डॉक्टर के कॉल मिस न करें ।
यदि आपने एक निश्चित समय स्लॉट के लिए अपॉइंटमेंट बुक किया है, तो सुनिश्चित करें कि आप उस समय उपलब्ध हैं। अपने फोन को पास में ही रखने के साथ ही यदि परामर्श किसी ऐप के माध्यम से है, तो सुनिश्चित करें कि ऐप खुला है।
6.सुनिश्चित करें कि आप एक पर्याप्त रोशनी वाले कमरे में बैठे हैं।
वीडियो कॉल के दौरान ध्यान रखें कि आप हमेशा प्रकाश स्रोत (light source) की ओर मुंह करके बैठें। वीडियो परामर्श के दौरान खराब छवि गुणवत्ता (poor quality picture) एक अवांछित अवरोध (distraction) हो सकता है। यह भी सुनिश्चित करें कि आपके पीछे कोई अतिरिक्त रोशनी न हो।
7.स्थिर वाई-फाई या मोबाइल इंटरनेट कनेक्शन (stable Wi- Fi connectivity) सुनिश्चित करें।
उस कमरे में न बैठें जहां वाई-फाई कनेक्टिविटी कमजोर हो। वीडियो कॉल शुरू होने से पहले, सुनिश्चित करें कि इंटरनेट कनेक्शन स्थिर है। आप तेज वाई-फाई स्पीड के लिए घर के अन्य उपकरणों पर भी इंटरनेट के उपयोग को प्रतिबंधित कर सकते हैं।
8.डॉक्टर द्वारा हस्ताक्षरित डिजिटल नुस्खे के लिए पूछें
आमतौर पर, ऐप में एक इन-बिल्ट सिस्टम होता है जिसमें ऐप पर ही प्रिस्क्रिप्शन भेजा जाता है। यदि ऐसा नहीं है, तो अपने डॉक्टर से हस्ताक्षरित नुस्खे की डिजिटल प्रति भेजने के लिए कहें। आप उसे ईमेल या व्हाट्सएप के जरिए भेजने के लिए कह सकते हैं। इसके लिए आपको दवाएं प्राप्त करने के साथ-साथ दवाओं के उपयोग (medication) का ट्रैक रखने में सहायता की आवश्यकता होगी।
9.ऑनलाइन भुगतान के लिए बरती जाने वाली सभी सावधानियों व सतर्कता की कड़ाई से अनुपालना करें।

