स्वस्थ लिवर के लिए दस तरीके
लिवर निस्संदेह शरीर के सर्वाधिक महत्वपूर्ण एवं बहुउपयोगी अंगों में से एक है। स्वस्थ रहने के लिए लिवर का स्वस्थ रहना अत्यावश्यक है।
यह प्रोटीन, कोलेस्ट्रोल और पित्त के उत्पादन से लेकर विटामिन, खनिज और यहां तक कि कार्बोहाइड्रेट के भंडारण तक, कई आवश्यक कार्य करता है। यह अल्कोहल, दवाओं और मेटाबॉलिज्म के प्राकृतिक बायप्रोडक्ट टॉक्सिक पदार्थों को भी परिवर्तित करता है। स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए अपने लिवर को अच्छे आकार में रखना भी महत्वपूर्ण है।
लिवर को बीमारियों से बचाने के लिए हम दस आजमाए हुए उपाय बता रहे हैं।
1. उचित वजन :
स्वस्थ वजन बनाए रखें। यदि आप मोटे हैं या कुछ हद तक अधिक वजन वाले हैं, तो आपको ‘फैटी लिवर रोग’ होने का खतरा है जो ‘नॉनअल्कोहलिक फैटी लीवर’ का कारण बन सकता है। यह लिवर रोग के सबसे तेजी से बढ़ते रूपों में से एक है। वजन कम करना लिवर की वसा (fat) को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
2.संतुलित आहार :
भोजन में संतुलित आहार लें। उच्च कैलोरी भोजन, सैचुरेटेड फैट्स,प्रोसेस्ड कार्बोहाइड्रेट (जैसे सफेद ब्रेड, नियमित पास्ता और अधिक शर्करा से बचें। एक अच्छी तरह से समायोजित आहार के लिए अपने भोजन में फाइबर शामिल करें,जिसे आप ताजे फल, हरी सब्जियों,साबुत अनाज आदि से प्राप्त कर सकते हैं। आप मांस खा सकते हैं लेकिन लाल मांस की मात्रा सीमित होनी चाहिए। दूध,पनीर और अन्य डेयरी उत्पाद कम वसा वाले ही उपयोग में लें।अच्छी वसा वाले खाद्य पदार्थ जैसे बादाम,अखरोट,फिश आदि का सेवन करें।
लिवर के लिए सीमित मात्रा में चाय और कॉफी को भी उपयोगी माना गया है।अंगूर खाएं। अंगूर में एंटी-ऑक्सीडेंट होता है जो स्वाभाविक रूप से लिवर की रक्षा करता है। चुकंदर का रस भी एंटीऑक्सीडेंट का एक स्रोत है।अतः इसका उपयोग भी लाभकारी है। अनेक स्वास्थ्य लाभ के कारण जैतून के तेल (Olive oil) के भी अनेक सकारात्मक प्रभाव हैं। आप इसका उपयोग कर सकते हैं।
डिब्बाबंद,प्रोसेस्ड,पैकेज्ड स्नैक्स का न्यूनतम उपयोग करें तथा संभव हो तो ना ही करें।
3.जल और जूस का उपयोग :
लिवर की खुशहाली के लिए शरीर में हाइड्रेशन जरूरी है इसलिए पानी और जूस खूब पिएं। विभिन्न फलों के जूस के अलावा आप लौकी, गाजर पालक,अदरक,आंवला और टमाटर का मिश्रित जूस भी पी सकते हैं।
4.योग और व्यायाम :
नियमित रूप से व्यायाम और योग करें। सैर और नृत्य जैसी गतिविधियां भी उपयोगी हैं। जब आप लगातार व्यायाम और योग करते हैं तो यह ईंधन के लिए ‘ट्राईग्लिसराइड्स’ को जलाने में मदद करता है,जिससे लिवर की वसा भी कम होती है।
5. धूम्रपान ना करें,शराब से बचें :
धूम्रपान लिवर सहित संपूर्ण शरीर के लिए इतना घातक है कि इसे हर स्थिति में नकारना चाहिए। शराब का प्रयोग यथासंभव नहीं करें और करते हैं तो जिम्मेदारी से सीमित मात्रा में करें।शराब लिवर की दुश्मन है।
6. नशीली व अवैध दवाओं से बचें :
नशीली दवाएं, जैसे मारिजुआना,हशीश,कोकीन, हेरोइन गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा करती हैं।ये लिवर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकती हैं या नष्ट कर सकती हैं।लिवर की सुरक्षा के लिए चिकिसा के लिए उपयोगी दर्द निवारक व उत्तेजक दवाइयों (pain relievers,tranquilizers,stimulants,and sedatives) का नशे के लिए अवैध प्रयोग आत्मघाती सिद्ध होता है।
बेहतर होगा कि दवाइयां और सप्लीमेंट डॉक्टर की सलाह से ही लें।
7.दूषित सुइयों से बचें :
टैटू और कान में छेद (body piercing) के लिए साफ सुइयों का ही इस्तेमाल करना सुनिश्चित करें।
8. सुरक्षित सेक्स करें :
असुरक्षित यौन संबंध या कई पार्टनर्स के साथ यौन संबंध से हेपटाइटिस बी और हेपेटाइटिस सी का खतरा बढ़ जाता है।
9.स्वच्छता :
आवश्यकता के अनुरूप अपने हाथों को दिन में कई बार साबुन से अच्छी तरह धोएं। यह लिवर को संक्रमण से बचाने के लिए जरूरी है।
10. टीका (vaccine) लगवाएं :
हेपेटाइटिस ए और हेपेटाइटिस बी के लिए टीके हैं- इन्हें लगवाएं। दुर्भाग्य से हेपेटाइटिस सी वायरस से बचाव का कोई टीका नहीं है

